श्रीदेवनारायण जन्मोत्सव 23 से, समितियां गठित

भास्कर न्यूज | झालावाड़ शहर में भगवान देवनारायण का 1114वां जिलास्तरीय जन्मोत्सव 23 से 27 जनवरी तक ऐतिहासिक स्वरूप में मनाया जाएगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 26 जनवरी को निकलने वाली विशाल शोभायात्रा होगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर देव धाम धनवाड़ा पहुंचेगी। जन्मोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्री देवनारायण सेवा समिति देवधाम धनवाड़ा के कार्यकर्ता जिले के लगभग 50 गांवों में जनसंपर्क कर आमंत्रण वितरित कर चुके हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। पंचदिवसीय जन्मोत्सव 23 जनवरी को विनायक स्थापना के साथ प्रारंभ होगा, 24 जनवरी को अलौकिक भजन संध्या, 25 को गंगाजल कलश यात्रा व हवन होंगे और 26 जनवरी को सुबह 10 बजे खंडिया देवनारायण मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और महाआरती होगी। इसके बाद शोभायात्रा प्रारंभ होकर अपराह्न 3 बजे देव धाम धनवाड़ा पहुंचेगी, जहां महाआरती और आमसभा का आयोजन होगा। सभा में मुख्य अतिथि प्रहलाद गुंजल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह (एडवोकेट) और खानपुर विधायक सुरेश गुर्जर उपस्थित रहेंगे। समाज के प्रबुद्ध वक्ता सामाजिक, शैक्षणिक, बौद्धिक और नैतिक उन्नयन पर मार्गदर्शन देंगे और अंत में सभी के लिए प्रसादी भोजन की व्यवस्था होगी। रात्रि 26 जनवरी को रात 9 बजे लोकप्रिय गायक हंसराज गुर्जर और रामहेत गुर्जर (काका–भतीजा पार्टी) की भजन संध्या आयोजित होगी। शोभायात्रा में 24 बगड़ावतों की सवारी, पारंपरिक वेशभूषा में सजे पुरुष और महिला, बिंदौरी नृत्य, अखाड़ा और महिला अखाड़ा, पहलवानों के रोमांचक करतब तथा उज्जैन और कोटा से आई घोड़ियों का मनमोहक नृत्य विशेष आकर्षण होंगे। प्रमुख पुजारी देवकरण पोसवाल अंतरराष्ट्रीय तीर्थस्थल श्रीदेवनारायण जन्मभूमि मंदिर, मालासेरी डूंगरी, आसीन्द-भीलवाड़ा, कुंपाराम जी गुर्जर (बगड़ावतों की राजधानी, गढ़ गोठा मंदिर) और भैरू जी गुर्जर (बेकुठ धाम, बरनाघर मंदिर, आसीन्द) के नेतृत्व में पूजा की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *