श्रीनगर स्थित दो राजकीय विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर पर ‘ग्रीन स्कूल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फारकिया और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हाथिपट्टा, श्रीनगर को यह सम्मान 30 जनवरी को नई दिल्ली में प्रदान किया गया। यह पुरस्कार इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली के स्टेन ऑडिटोरियम में आयोजित ग्रीन स्कूल अवार्ड समारोह में दिया गया। दोनों विद्यालयों को GSP ऑडिट 2025-26 में ‘ग्रीन’ रेटिंग मिली थी। यह ‘ग्रीन’ रेटिंग उन शीर्ष 5% विद्यालयों को दी जाती है जिन्होंने सत्र 2025-26 में ऑडिट जमा किया था। इसका अर्थ है कि इन विद्यालयों की वायु, ऊर्जा, भोजन, ज़मीन, पानी और कचरा प्रबंधन जैसे सभी क्षेत्रों में स्थायी और ‘ग्रीन’ पद्धतियों को अपनाया गया है। इन्हीं उत्कृष्ट प्रयासों के परिणामस्वरूप उन्हें ग्रीन स्कूल अवार्ड से नवाजा गया। पुरस्कार समारोह में राउमावि फारकिया के प्रधानाचार्य अजय कुमार यादव और राउमावि हाथिपट्टा की प्रधानाचार्या निधि तिवारी ने ग्रीन स्कूल अवार्ड प्रमाण पत्र प्राप्त किए। विद्यालयों ने ग्रीन स्कूल ऑडिट प्रक्रिया में भारती एयरटेल फाउंडेशन के उल्लेखनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।


