भास्कर न्यूज | लुधियाना चंदर नगर स्थित मल्ली फार्म में श्री राधा गोविंद माधव मिलन सोसायटी की तरफ से 19वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के दूसरे दिन वृंदावन से आए कथावाचक कृष्णा प्रिय ऊधो महाराज ने शुकदेव प्रसंग का मार्मिक वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। व्यास पीठ से महाराज ने कहा कि भागवत कथा केवल श्रवण मात्र नहीं बल्कि जीवन के दुखों को हरने वाली एक आध्यात्मिक औषधि है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अमृत व्यक्ति को अमर बनाता है। उसी प्रकार भागवत श्रवण मानव के कष्टों को काटकर सुख-शांति का मार्ग प्रशस्त करता है। महाराज ने कौरवों का उदाहरण देते हुए अधर्म के मार्ग से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि परिवार चाहे कितना भी विशाल क्यों न हो यदि वह अधर्म के पथ पर है तो उसका विनाश निश्चित है। धृतराष्ट्र के सौ पुत्रों का अंत इस बात का प्रमाण है कि अंततः विजय शक्ति की नहीं बल्कि धर्म और सत्य की ही होती है। मुख्य अतिथि के रूप में वरिंदर मित्तल, कुमार गौरव, दीपक गुप्ता और डॉ. सुशील शर्मा मौजूद रहे। इस अवसर पर अम्बुजेश शर्मा, नरेंद्र सिंह मल्ही, एडवोकेट वरिंदर शर्मा बॉबी, बनवारी लाल कश्यप, सुखदेव भनोट और प्रमोद गर्ग उपस्थित रहे।


