लुधियाना| फिरोजपुर रोड स्थित सभी मोहल्लों कृष्णा नगर, गोविंद नगर, माया नगर एवं न्यू प्रेम नगर के गणमान्य निवासियों द्वारा श्री कृष्णा मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित करते हुए पुरानी कार्यकारिणी कमेटी, श्री कृष्णा मंदिर को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्णय लिया गया। सभा के दौरान मंदिर की पारदर्शी और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से श्री कृष्णा मंदिर चुनाव कमेटी का गठन किया गया। इस चुनाव कमेटी में तीन सदस्यों को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया। इनमें अमन कौशल, सुरेंद्र पायलट तथा राजेश शैली शामिल हैं। नवनियुक्त कार्यकारी चुनाव कमेटी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह एक माह के भीतर मंदिर सभा के चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाए। सभा में उपस्थित सभी मोहल्ला निवासियों ने इस निर्णय का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई कि आगामी चुनावों के माध्यम से एक नई, जिम्मेदार और सेवाभावी कमेटी का गठन होगा।


