भास्कर न्यूज | अमृतसर भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित वृंदावन गार्डन के श्रीश्री गौर निताई (इस्कॉन) मंदिर में ‘बाल गोपाल’ उत्सव मनाया गया। जिसमें छोटे बच्चों में कई तरह की प्रतियोगिता कराई गईं। इस्कॉन जिला संचालक प्रभु इंद्रानुज दास की अध्यक्षता में कराए इस उत्सव में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, श्लोक प्रतियोगिता, डांडिया डांस समेत कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इसमें शहर के अनेक बच्चों ने अत्यंत उत्साह, भक्ति और उमंग के साथ भाग लिया। इस उत्सव में पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को सुंदर रंगों में चित्रित किया। वहीं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बाल प्रतिभागी राधा, कृष्ण, बलराम, गोपियों और नरसिंह की वेशभूषा में सभी को आकर्षित किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को उपहार प्रदान किए गए। इस मौके पर इंद्रानुज प्रभु ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 16 अगस्त शाम 6 से रात 12 बजे तक भक्ति और उल्लास से मनाया जाएगा। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण का महाभिषेक, भव्य पुष्प शृंगार और 108 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य की महाआरती की जाएगी और समस्त भक्तों को विशेष कृष्ण प्रसादम वितरित किया जाएगा। वहीं 17 अगस्त को शाम 6ः30 बजे इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील एसी. भक्ति वेदांत स्वामी प्रभुपाद जी का 129वां प्राकट्य महोत्सव भी मनाया जाएगा। इसी श्रृंखला में 24 अगस्त को इस्कॉन श्री गोकुल गौशाला में श्रीकृष्ण नंदोत्सव का आयोजन शाम 5 बजे होगा।


