भास्कर न्यूज | अमृतसर| तरनतारन श्री गुरु अर्जन देव जी के चरण छोह प्राप्त पवित्र शहर श्री तरनतारन साहिब में वीरवार को शहीदी पर्व पर नगर कीर्तन निकाला गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की रहनुमाई में निकाले नगर कीर्तन में हजारों की संख्या में संगत पहुंची। सुंदर फूलों से सजी गाड़ी पर श्री पालकी साहिब पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पवित्र स्वरूप विराजमान किया गया। नगर कीर्तन आरंभ की अरदास भाई सतपाल सिंह हेड ग्रंथी द्वारा की गई। यह नगर कीर्तन शहर के अलग-अलग बाजारों से होता हुआ शाम को वापस पहुंचा। गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर नगर कीर्तन झब्बाल रोड, नूरदी बाजार, चौक भान सिंह, गुरु बाजार, गारद बाजार, चौक चार खंभा, जीटी रोड, तहसील बाजार, चौक श्री दरबार साहिब, अड्डा बाजार, चौक बोहड़ी, शरद खाना बाजार, बुग्गा टांक क्षत्रिय से होता हुआ सरा में समाप्त हुआ। नगर कीर्तन में शहर की सभी सभा सोसायटियां और नेतागण समेत कई लोग पहुंचे। नगर कीर्तन के आगे-आगे गतका पार्टी गतका के जौहर दिखा रही थी। संगत वाहेगुरु के दर्शन करने के लिए रास्ते में घंटों खड़ी रही। नगर कीर्तन के रास्ते में संगत की ओर से ठंडे मीठे जल की छबील लगाई गई। इसी दौरान गुरु का अटूट लंगर लगाया गया। इस मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य अलविंदर पाल सिंह पकखोके, मैनेजर धर्मेंद्र सिंह मानोचाल, भगवत सिंह उपमैनेजर, अंग्रेज सिंह उप मैनेजर, दिलबाग सिंह, जसप्रीत सिंह, बक्शीश सिंह मानो चाल समेत गुरुद्वारा साहिब का स्टाफ और सभा सोसाइटियों के सदस्य शामिल हुए।


