श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार का बड़ा बयान:बोले- हरमंदिर साहिब को धमकी आस्था पर सीधा हमला, केंद्र और पंजाब सरकार से कार्रवाई की मांग

सिखों के सर्वोच्च धार्मिक स्थल सचखंड श्री हरमंदिर साहिब को उड़ाने की धमकी भरी ईमेल के गंभीर प्रकरण पर तख्त श्री दमदमा साहिब के कार्यकारी जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है। दादूवाल ने वीरवार शाम को कालांवाली में मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह ईमेल केवल एक धार्मिक स्थल को निशाना बनाने की चेतावनी नहीं, बल्कि पूरे देश की सांप्रदायिक सौहार्द को चोट पहुंचाने की साजिश है। दादूवाल ने यह भी कहा कि हरमंदिर साहिब की सुरक्षा को लेकर कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को इस मामले में केंद्र सरकार का सहयोग लेकर फौरन जांच तेज करनी चाहिए। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब को उड़ाने की धमकी बेहद चिंताजनक है। यह सिखों की आस्था पर सीधा हमला है। पंजाब सरकार व पुलिस को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए और दोषियों को बेनकाब कर सख्त सजा दिलवानी चाहिए। चौटाला और कालांवाली के नागरिकों को भी धमकी
ईमेल के माध्यम से इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला और हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली कस्बे के कई नागरिकों को भी धमकियां भेजी गई है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। इन धमकियों ने राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक स्तर पर सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दादूवाल ने अभय चौटाला को मिली धमकी को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि यह दर्शाता है कि मामला केवल धार्मिक नहीं, बल्कि राजनीतिक नेताओं को भी टारगेट करने का प्रयास है। हरियाणा सरकार तुरंत उठाए ठोस कदम- जत्थेदार
जत्थेदार दादूवाल ने कहा कि प्रदेश में अगर लोगों को धमकियां मिल रही हैं तो नायब सिंह सैनी की अगुआई वाली हरियाणा सरकार को बिना समय गंवाए सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कोई आम साइबर क्राइम नहीं, बल्कि एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा हो सकता है, जिसे वक्त रहते ट्रेस करना जरूरी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *