चौक फव्वारा स्थित श्री मारवाड़ी पंचायती बड़ा मंदिर श्री रघुनाथ जी ट्रस्ट के आगामी चुनाव से पहले रविवार को बड़ी घोषणा हुई। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान सुनील गुप्ता को निर्विरोध प्रधान और आनंद बंसल को निर्विरोध वरिष्ठ उपप्रधान चुन लिया गया है। ट्रस्ट के चुनाव आगामी 25 जनवरी को मंदिर श्री भूतनाथ में निर्धारित हैं। लेकिन रविवार को सात विभिन्न पदों के लिए प्राप्त 14 नामांकन पत्रों की जांच की गई। इस प्रक्रिया में प्रधान पद के लिए सुनील गुप्ता और वरिष्ठ उपप्रधान पद के लिए आनंद बंसल के सामने किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा पर्चा दाखिल न किए जाने के कारण, दोनों को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया। अब शेष 5 पदों में से उपप्रधान पद के लिए 3 उम्मीदवार राजेश केजरीवाल, रिषी पोद्दार तथा वरुण निवेटिया के बीच मतदान के तहत मुकाबला होगा। इसी तरह, महासचिव पद के लिए संजय केजरीवाल तथा विजय सिंघानिया चुनाव मैदान में हैं। संयुक्त सचिव पद के लिए सिद्ध नाथ खेमका तथा अमित जालन के बीच मतदान होगा। कोषाध्यक्ष पद के लिए भी 3 उम्मीदवार संजय बागला, विक्रम गोयल, अमित गोइंका शामिल हैं। संयुक्त कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय गुप्ता, विपुल निवेटिया चुनावी दंगल में हैं। निर्विरोध प्रधान चुने जाने पर सुनील गुप्ता ने कहा कि मारवाड़ी शिवपुरी, श्री मारवाड़ी पंचायती बड़ा मंदिर श्री रघुनाथ जी सहित समस्त धार्मिक स्थलों का कायाकल्प करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि श्री हरमंदर साहिब के समीप स्थित ऐेतिहासिक श्री मारवाड़ी पंचायती बड़ा मंदिर श्री रघुनाथ जी में नतमस्तक होने वाले श्रद्धालुओं की तादाद में इजाफा हो सके इसके लिए भी सभी साथियों के साथ सलाह मशवरा कर अवाश्यक कदम उठाएं जाएंगे। उन्होंने ट्रस्ट सदस्यों द्वारा उन्हें यह जिम्मेदारी देने के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद बड़ा सम्मान है, लेकिन साथ ही बड़ी जिम्मेदारी भी कंधों पर डाल दी गई है, वह तन, मन व धन से अपनी इस जिम्मेदारी पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इस विकास कार्यों के लिए सब कमेटियों का गठन किया जाएगा, जिसके तहत प्रत्येक को कोई न कोई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ भूतनाथ शिवाला मंदिर, अतिथि भवन व अस्तपाल का भी कायाकल्प होगा। उन्होंने कहा कि वह अकेले नहीं बल्कि टीम बनाकर सभी का सहयोग हासिल कर धार्मिक स्थलों के विकास के लिए दिन रात एक करेंगे। उन्होंने अभी से अपनी संभावित टीम का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव लड़ रहे संजय केजरीवाल, वरुण नेपटिया, सिद्धानाथ व संजय बांगला उनकी टीम का हिस्सा बनेंगे।


