फिरोजपुर | प्राचीन श्री राधा कृष्ण मंदिर में अमृत वेला सदस्यों द्वारा प्रतिदिन भगवान भोलेनाथ शिवलिंग का सुंदर श्रृंगार कर हर्षोल्लास के साथ संध्या आरती का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन आयोजन में परिवारों की सहभागिता देखने को मिल रही है, जिससे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक और सामाजिक समरसता का वातावरण बन रहा है। मंगलवार को जयपुर से पधारे बिहारीलाल अग्रवाल द्वारा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ शिव संध्या आरती संपन्न कराई गई। आरती में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान महाकाल के दिव्य दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती के दौरान शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और भोलेनाथ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया। इस अवसर पर बिहारीलाल अग्रवाल ने अमृत वेला सदस्यों की सेवा भावना की सराहना करते कहा कि शिव संध्या आरती देखकर मन अत्यंत प्रसन्न हो गया। अहंकार को त्यागकर, विनम्रता और प्रेम के साथ महादेव को अपना सर्वस्व समर्पित करना ही सच्ची भक्ति है। यह आरती मन की व्याकुलता को दूर कर आत्मा को परम शांति प्रदान करती है, इसलिए आसपास के सभी लोगों को इसमें अवश्य शामिल होना चाहिए। संध्या समय शिव का जाप आत्मा को शिव के तेज से जोड़ता है। आरती से पूर्व सेवादारों द्वारा शिवलिंग का अद्भुत और आकर्षक श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर में निरंतर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।


