भास्कर न्यूज | अमृतसर हिमजन एकता मंच (पंजीकृत) अमृतसर की ओर से श्री राम एवेन्यू, 88 फीट रोड में “धीयां दी लोहड़ी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समागम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के महत्व को दर्शाना और लोहड़ी के पर्व को बेटियों को समर्पित करना था। समागम में मुख्यातिथि के रूप में शहर की सीनियर डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा और रितेश शर्मा (अध्यक्ष, महाकाली मंदिर) सम्मिलित हुए। विशेष अतिथि के तौर पर भाजपा जिला प्रधान हरविंदर सिंह संधू और कपिल शर्मा ने शिरकत की। संस्था द्वारा नवजात बच्चियों और उनकी माताओं को विशेष रूप से सम्मानित कर उपहार भेंट किए गए। इस अवसर पर नन्हे बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर मेहमानों का मन मोह लिया, वहीं महिलाओं और बच्चों ने डीजे की धुन पर भांगड़ा व गिद्दा डालकर समागम की शोभा बढ़ाई। संस्था के प्रधान पवन शर्मा और चेयरमैन प्रिंसिपल सुरेंद्र कोंडल ने कहा कि बेटियां समाज का गौरव हैं। कार्यक्रम में राजेश कोंडल, अजय शर्मा, डिंपल पंडित, रमेश कुमार, गोस्वामी राजेंद्र कुमार, प्रवीण आदि उपस्थित थे।


