श्री हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ होगा , भजनों से गूंजेगा शहर

सिटी रिपोर्टर | रांची अयोध्या में श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर शनिवार को शहर के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ कई अनुष्ठान होंगे। मंदिरों की साज-सज्जा और सफाई की गई है। भक्तों की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। पूजन स्थल पर भंडारे का आयोजन है। वहीं मंदिरों में शाम में दीपोत्सव की तैयारी की गई है। भगवान श्रीराम की महाआरती की जाएगी। मंदिरों में भक्त श्री हनुमान चालीसा पाठ व श्री सुंदरकांड पाठ करेंगे। जगह-जगह भजन कीर्तन होंगे। कई समितियां भी इस तैयारी में जोर-शोर से लगी हैं। चुटिया स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर, शिव मंदिर बड़ा तालाब, सर्जना चौक राम मंदिर, तपोवन राम मंदिर, हनुमान मंदिर मेन रोड समेत सभी मंदिरों में खास आयोजन किए गए हैं। पहाड़ी मंदिर में बाबा का भव्य शृंगार किया जाएगा। तपोवन मंदिर में पट सुबह 6 बजे खुलेगा। 8 बजे शृंगार आरती होगी। दोपहर 12 बजे कच्चा भोग लगेगा। शाम 6 बजे से दीपमाला कार्यक्रम होगा। पूरे मंदिर परिसर को 501 दीपों से सजाया जाएगा। शाम 6 बजे से भजन-कीर्तन होगा और हलुआ-पुड़ी सब्जी का भोग लगेगा। इसका वितरण देर शाम तक किया जाएगा। करीब 1000 लोग भोग प्राप्त करेंगे। मंदिर के प्रमुख महंत ओम प्रकाश शरण ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसका ध्यान समिति रखेगी। मंदिर को अभूतपूर्व सजाया गया है। अनुष्ठान अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर होंगे। श्री महावीर मंडल बड़ा तालाब के सौजन्य से शिव मंदिर परिसर में रामजन्म भूमि अयोध्या के वार्षिकोत्सव के शुभ अवसर पर पूजा-अर्चना कर आरती की जाएगी। इसके पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा। पूजा सुबह 10 बजे होगी, श्री सुंदरकांड पाठ सुबह 10.15 बजे, महाआरती 11.30 बजे, प्रसाद वितरण 12 बजे, दीपोत्सव शाम पांच बजे होगा। वहीं, धुर्वा स्थित श्री राम दरबार मंदिर में सुबह 10.30 बजे से श्री सुंदरकांड पाठ होगा। 11.30 बजे भगवान को खीर का भोग लगेगा और सभी श्रद्धालु के बीच वितरण किया जाएगा। शाम 6 बजे महाआरती होगी। मंदिर में 151 दिए जलाए जाएंगे। सात बजे भोग लगेगा। शाम 6.30 से रात 8 बजे तक मंदिर के भजन मंडली भजन-कीर्तन करेंगे। सर्जना चौक स्थित श्री राम मंदिर को 501 दीपों से सजाया जाएगा। सुबह में 11 बजे पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी। 12 बजे भगवान को भोग लगेगा। संध्या 6 बजे से महाआरती होगी। इसके बाद सात बजे से पूड़ी-सब्जी व बुंदिया-सेव का वितरण होगा। शाम में मंदिर कमेटी भजन प्रस्तुत करेगी। शाम 6 बजे से भजन-कीर्तन होगा। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि भक्तों की सुविधाओं का ख्याल रखा गया है। भोग का प्रसाद निरंतर बंटता रहेगा। मंदिर कमेटी के सदस्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। मंदिर की अभूतपूर्व सज्जा की गई है। चुटिया स्थित प्राचीन श्रीराम 11 जनवरी को सुबह भगवान श्रीराम का भव्य शृंगार किया जाएगा। सुबह 10 बजे से मंदिर में श्री सुंदरकांड का आयोजन किया गया है। दोपहर में एक बजे से खीर व हलुआ का भोग लगाया जाएगा। प्रसाद देर शाम तक बंटेगा। शाम 6 बजे दीपोत्सव मनाया जाएगा। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक भजन-कीर्तन होंगे। पूरे मंदिर को 1000 दीपों से सजाया जाएगा। मंदिर समिति के न्यास बोर्ड के कैलाश केशरी ने बताया कि अभूतपूर्व साज-सज्जा की गई है। दर्जनों सदस्य आयोजन में जोर-शोर से लगे हैं। भक्तों की सुविधा के लिए बैठने के इंतजाम किए गए। प्रसाद की व्यवस्था मंदिर समिति ने की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *