संगठन सृजन अभियान: कांग्रेस ने ऑब्जर्वरों की सूची जारी की:यूपी में मोहन मरकाम-राघवेंद्र सिंह-शिव डहरिया, नागालैंड में उमेश पटेल ऑब्जर्वर

कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने ऑब्जर्वरों की विस्तृत सूची जारी कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इस अभियान के तहत देश के छह राज्यों—बिहार, उत्तर प्रदेश, गोवा, नागालैंड, मणिपुर और मेघालय में जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। AICC की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, प्रत्येक ऑब्जर्वर को संबंधित राज्य में PCC ऑब्जर्वरों के साथ मिलकर जिलेवार संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का लक्ष्य है कि जिला इकाइयों के गठन में पारदर्शिता रहे और जमीनी कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में आगे लाया जाए। उत्तर प्रदेश में छत्तीसगढ़ के तीन नेताओं को जिम्मेदारी ऑब्जर्वरों की सूची में छत्तीसगढ़ के नेताओं को अहम भूमिका सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम को उत्तर प्रदेश का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। उनके साथ अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री शिव डहरिया को भी उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान की जिम्मेदारी दी गई है।उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से अहम राज्य में इन नेताओं की तैनाती को कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नागालैंड में उमेश पटेल को सौंपी गई जिम्मेदारी इसके अलावा छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री उमेश पटेल को नागालैंड का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। नागालैंड में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और जिला स्तर पर नेतृत्व चयन की प्रक्रिया को गति देने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। क्या है संगठन सृजन अभियान कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान पार्टी को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद का हिस्सा है। इसके तहत जिला कांग्रेस अध्यक्षों के चयन में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने, संगठन को अधिक लोकतांत्रिक बनाने और आगामी चुनावों के लिए मजबूत ढांचा तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अनुभवी नेताओं को अलग-अलग राज्यों में भेजने से संगठनात्मक अनुभव का लाभ मिलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *