संगरिया व्यापारी हत्याकांड: मुख्य शूटर सहित छह गिरफ्तार:दो विदेशी पिस्टल, स्कॉर्पियो बरामद; स्थानीय सहयोगियों ने दी थी मदद

हनुमानगढ़ के संगरिया पुलिस ने कस्बे में व्यापारी के पार्टनर की हत्या के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस वारदात में शामिल मुख्य शूटर सहित अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। घटनास्थल से पूर्व में ही गिरफ्तार चार आरोपियों से दो विदेशी पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो स्थानीय सहयोगी भी शामिल हैं, जिन्होंने मुख्य आरोपी को ठिकाना और सामान मुहैया कराया था। व्यापारी ने दर्ज कराया था मुकदमा
12 सितंबर 2025 को नरेश कुमार पुत्र ईश्वर दास अरोड़ा निवासी संगरिया ने रिपोर्ट दी थी कि उनकी दुकान ‘बालाजी इंटरप्राइजेज’ पर उनके पार्टनर विकास जैन की अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। मामले में पुलिस थाना संगरिया ने मुकदमा नंबर 505/2025 दर्ज कर जांच प्रारंभ की। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक हरी शंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर और वृत्ताधिकारी करण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल व एमओबी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दस टीमों ने की घेराबंदी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वृत्ताधिकारी करण सिंह और सीओ (एससी/एसटी सेल) रणवीर साईं के नेतृत्व में 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों ने मानवीय और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और लगातार दबिश दी। हरियाणा से चार आरोपी दबोचे
15 सितंबर 2025 को पुलिस टीमों ने हरियाणा के धर्मपुरा क्षेत्र से मुख्य शूटर जलंधर सिंह उर्फ अमृतपाल, हरदीप सिंह उर्फ दीप, मखिन्द्र सिंह उर्फ लवली और मनप्रीत सिंह उर्फ मनी को गिरफ्तार किया। जलंधर सिंह तीन माह पूर्व पंचकुला के सोनू माल्टा हत्याकांड में भी वांछित था। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से दो विदेशी पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस तथा वारदात के बाद भागने में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार जब्त की गई। अब दो स्थानीय सहयोगी भी गिरफ्तार जांच के दौरान यह सामने आया कि गुरनाम सिंह पुत्र राजसिंह जटसिख निवासी वार्ड 22, संगरिया और अरविंद डेलू उर्फ दारा पुत्र आत्माराम बिश्नोई निवासी वार्ड 11, संगरिया ने मुख्य आरोपी को किराए का मकान, मोबाइल फोन और सिम कार्ड उपलब्ध करवाए थे। दोनों ने पीड़ित की दुकान और घर की रेकी भी की थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि अपराध में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस टीमों का गठन एसपी हरी शंकर ने बताया की पुलिस थाना संगरिया,साइबर और डीएसटी टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस थाना संगरिया टीम में थानाधिकारी अमर सिंह,एएसआई देवेंद्र कुमार, एचसी सुखदेव सिंह, कैलाशचंद्र,पांचूराम,लक्ष्मण राम, मनोज, राजकुमार, सुखजोत सिंह और राजेंद्र कुमार शामिल रहे। जिला विशेष टीम हनुमानगढ़ में एसआई सुशील कुमार, एचसी सुखविंद्र सिंह,जोतराम, रिकूं, साहबराम और धीर सिंह शामिल रहे। साइबर सेल टीम में एचसी वाहेगुरू और रिछपाल सिंह शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *