संगरूर के भवानीगढ़ में एक नशे में धुत स्विफ्ट कार ड्राइवर ने एसएसएफ की गाड़ी को टक्कर मार दी, जिसमें ड्राइवर सीट पर बैठे कांस्टेबल की मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षवीर सिंह (25) के तौर पर हुई है। घटना बुधवार की रात की है। टक्कर के बाद गंभीर चोटों के कारण हर्षवीर को पहले पटियाला और फिर पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां वेंटिलेटर पर रहते हुए शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात में उन्होंने अंतिम सांस ली। हर्षवीर अपने माता-पिता के इकलौते संतान थे और 2023 में ही पंजाब पुलिस में भर्ती हुए थे। पिता सुखबीर सिंह ने कहा कि बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शनिवार को दोपहर बाद भवानीगढ़ के श्मशान घाट में पूरे सरकारी सम्मान के साथ हर्षवीर का अंतिम संस्कार किया गया। डीएसपी राहुल कौशल के नेतृत्व में थाना प्रभारी गुरनाम सिंह और पुलिस टुकड़ी ने शहीद को अंतिम सलामी दी।


