संगरूर में पतंग उड़ाते समय छत से गिरा बच्चा, मौत:माता-पिता की इकलौती संतान था, लोहड़ी के पहले परिवार में मातम

संगरूर जिले के सुनाम क्षेत्र के गांव तुंगा में पतंग उड़ाते समय एक 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। यह घटना लोहड़ी पर्व से ठीक एक दिन पहले सोमवार शाम को हुई, जब बालक अपने घर की तीसरी मंजिल से गिर गया। बता दे कि 12 वर्षीय हरजोत सिंह सोमवार शाम को अपने घर की सबसे ऊपरी मंजिल पर पतंग उड़ा रहा था। पतंगबाजी के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह तीसरी मंजिल से नीचे कॉन्क्रीट की जमीन पर जा गिरा।इस हादसे में हरजोत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। माता-पिता की इकलौती संतान था मृतक हरजोत सिंह छठी कक्षा का छात्र था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।गांव तुंगां के निवासियों ने बताया कि हरजोत सिंह बहुत ही शांत और मिलनसार स्वभाव का बालक था। उसकी आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलते ही पूरे गांव के चूल्हे ठंडे पड़ गए और हर आंख नम हो गई। सुरक्षा मानकों की अनदेखी बनी घातक शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है, किंतु इकलौते चिराग के बुझने की पूर्ति कोई नहीं कर सकता। यह घटना समाज और अभिभावकों के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि पतंगबाजी का उत्साह तब घातक बन जाता है जब सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है। लोहड़ी की पूर्व संध्या पर हुए इस हादसे ने पूरे गांव को शोक की लहर में डुबो दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *