संगरूर स्कूल बस ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला:50 फीट तक घसीटने से मौके पर मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम, बस चालक फरार

पंजाब के संगरूर जिले में पातरां-मूनक मुख्य मार्ग पर गांव खानेवाल के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा एक तेज़ रफ्तार निजी स्कूल बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण भिड़ंत के कारण हुआ। मृतकों की पहचान गांव हरियाऊ कलां निवासी मोहित कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। 50 फीट तक घसीटता ले गया बस चालक प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, निजी स्कूल की बस बेहद तेज़ गति से आ रही थी। गांव खानेवाल के पास बस ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल बस के अगले टायर के नीचे फंस गई। इसके बावजूद बेकाबू बस चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और बाइक सवार दोनों युवकों को लगभग 50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने लगाया धरना हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने मुख्य मार्ग पर धरना देकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में निजी स्कूल बसों की अनियंत्रित और तेज़ रफ्तार के कारण आए दिन निर्दोष लोगों की जान जा रही है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ठोस ध्यान नहीं दे रहा है। सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी है कि आरोपी बस चालक और लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी धारा-मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता और आरोपियों पर मामला दर्ज नहीं होता, तब तक उनका शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *