रीवा के संजय गांधी अस्पताल की गायनी ऑपरेशन थिएटर (OT) में रविवार दोपहर करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। इससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धुआं उठता देख मरीजों, परिजनों और स्टाफ में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एहतियातन गायनी ओटी के आसपास स्थित वार्डों को खाली करा लिया गया है और मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। तीनों बड़े अस्पतालों के पास नहीं है फायर NOC इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। जानकारी के अनुसार, संजय गांधी अस्पताल, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और गांधी स्मारक अस्पताल— इन तीनों के पास फिलहाल फायर एनओसी (NOC) नहीं है। ये तीनों ही अस्पताल नगर निगम के फायर सेफ्टी मानकों को पूरा नहीं करते हैं। निगमायुक्त बोले- हादसा हुआ तो हमारी जिम्मेदारी नहीं नगर निगम आयुक्त सौरभ सोनवड़े पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि निगम की ओर से अस्पताल प्रबंधन को कई बार नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन अब तक फायर एनओसी के पैमाने पूरे नहीं किए गए। उनका कहना है कि चेतावनी दी जा चुकी है, इसलिए आगजनी की स्थिति में नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं होगी। देखिए तस्वीरें…


