सीधी के संजय टाइगर रिजर्व में बुधवार सुबह पर्यटकों को जंगल का एक दुर्लभ नजारा देखने को मिला। दुबरी इलाके में सुबह करीब 11 बजे दो नर बाघों के बीच अपनी सीमा (इलाके) पर कब्जे को लेकर लड़ाई हो गई। इस आपसी संघर्ष में दोनों ही बाघ घायल हो गए हैं। सफारी पर निकले पर्यटकों ने इस पूरी घटना को अपने कैमरों में कैद किया। रिजर्व प्रबंधन के मुताबिक, यह लड़ाई दुबरी परिक्षेत्र के बहेरवार बीट में हुई। भिड़ने वाले बाघों में एक की पहचान टी-56 के रूप में हुई है, जबकि दूसरा एक नया नर बाघ है जो हाल ही में इस इलाके में आया है। दोनों बाघ काफी देर तक एक-दूसरे पर हमला करते रहे। अधिकारियों का कहना है कि रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए अपनी जगह बनाने के लिए इनके बीच अक्सर ऐसी लड़ाइयां हो रही हैं। हाथियों और वनकर्मियों की टीम तैनात घटना के बाद रिजर्व प्रबंधन अलर्ट हो गया है। घायल बाघों की सुरक्षा और उन पर नजर रखने के लिए तीन हाथी, दो जिप्सियां और करीब 25 वनकर्मियों की टीम तैनात की गई है। वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। बाघों की हालत पर पल-पल नजर रखी जा रही है ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत इलाज दिया जा सके। बाघों की बढ़ती संख्या से बढ़ रहा टकराव एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि रिजर्व में बाघों की तादाद बढ़ने से आपसी संघर्ष की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने पुरानी घटना का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ समय पहले भी नर बाघ टी-61 और मादा टी-60 के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें दो शावकों की जान चली गई थी। फिलहाल, घायल बाघों की निगरानी करना विभाग की पहली प्राथमिकता है।


