संजीव सिंह ने धनबाद मेयर चुनाव के लिए दावेदारी जताई:भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भेजा पत्र, अपने राजनीतिक अनुभव का भी किया जिक्र

धनबाद के झरिया से पूर्व विधायक संजीव सिंह ने धनबाद नगर निगम चुनाव-2026 में मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को एक पत्र भेजा है। पत्र में संजीव सिंह ने खुद को पार्टी का निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि वे संगठन, विचारधारा और राष्ट्रसेवा के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि पार्टी उन्हें मौका देती है, तो वे धनबाद के सर्वांगीण विकास और जन कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। परिवार लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहा संजीव सिंह ने अपने राजनीतिक और सामाजिक अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चार बार विधायक रहे थे, जबकि उनकी माता कुंती देवी भी दो बार विधायक रह चुकी हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी रागिनी सिंह झरिया विधानसभा से विधायक के तौर पर जनसेवा कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे वर्तमान में बीसीसीएल से जुड़े श्रमिक संगठनों के माध्यम से मजदूरों के हितों, अधिकारों और सामाजिक-आर्थिक कल्याण के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इससे उन्हें जमीनी स्तर पर जनसमस्याओं की गहरी समझ है। संजीव सिंह ने पत्र के जरिए पार्टी नेतृत्व से मार्गदर्शन और समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि वे संगठन के हर निर्णय और निर्देश का पालन करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे। इधर, संजीव सिंह की इस दावेदारी के बाद राजनीतिक गलियारों में धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *