संतों की वाणी समाज के विकास और सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है

भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम मटिया में सत्संग समारोह का शुभारंभ अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजमहंत सावलाराम डहरे ने किया। भजन, कीर्तन एवं ज्ञान चर्चा के माध्यम से आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। सत्संग में संत रमाशंकर साहेब, संत शीतल दास साहेब, संत सुशांत दास साहेब, संत गुलाब साहेब एवं संत नारायण दास साहेब ने बीजक पाठ, भजन एवं प्रवचनों के माध्यम से सत्संग के महत्व बताया। संतों ने बताया कि सत्संग का मुख्य उद्देश्य मन को शांत करना, ज्ञान की प्राप्ति, सकारात्मकता का संचार और जीवन के उच्च लक्ष्यों की ओर मार्गदर्शन करना है। पूर्व विधायक राजमहंत सावलाराम डहरे ने कहा कि सत्संग का समाज पर अत्यंत सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। संतों की वाणी समाज के विकास और सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम संत श्री कबीर साहेब के विचारों पर आधारित सत्संग समारोह है। संत कबीर दास केवल संत ही नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने मध्यकाल में व्याप्त छुआछूत, ऊंच-नीच, जातिवाद, धर्मवाद और भेदभाव का अपने काव्य के माध्यम से पुरजोर विरोध किया। पूर्व विधायक डहरे ने कहा कि संत कबीर दास की वाणी शत-प्रतिशत प्रासंगिक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *