भिंड में सावन कृपाल रूहानी मिशन की भिंड शाखा द्वारा रविवार को रतनूपुरा स्थित न्यू फल मंडी के पास राजिंदर आश्रम में आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन हुआ। इस अवसर पर सतगुरु संत राजिंदर सिंह महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शुरुआत बाल सत्संग के बच्चों द्वारा संत महाराज की याद में दी गई मनमोहक और आकर्षक प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। इसके बाद संत राजिंदर सिंह महाराज ने ऑडियो-वीडियो के माध्यम से सत्संग फरमाया। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा, संसार की हर वस्तु नश्वर है, यहां तक कि हमारा शरीर भी। उन्होंने प्रेम, दया, करुणा और निष्काम सेवा से जीवन जीने का संदेश दिया। बताया कि इस जीवन का सबसे महत्वपूर्ण कार्य स्वयं को जानना और परमात्मा को प्राप्त करना है। परमात्मा ने हमें इस मानव जीवन में वह सभी तत्व दिए हैं, जिनके जरिए हम आत्मा और परमात्मा के एकत्व का अनुभव कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक संदेशों को आत्मसात किया और संत राजिंदर सिंह महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।


