वरला/बलवाड़ी | बंजारा समाज के आराध्य संत श्री सेवालाल महाराज की जयंती फरवरी में मनाई जाएगी। इसे लेकर बलवाड़ी में बंजारा समाज की बैठक शुक्रवार रात को हिंगवा रोड स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में हुई। बैठक में समाजजनों ने संस्कृति के संरक्षण, युवाओं को नशे की लत से दूर रखने, समाज की समस्याओं, मांगों व सुझावों सहित प्रदेश व अन्य राज्यों में चल रहे आरक्षण विषय पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही संत सेवालाल जयंती महोत्सव के आयोजन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने, बंजारा समाज की संस्कृति के सृजन व प्रदर्शन, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। इसी क्रम में शनिवार को बंजारा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य व सांसद गजेंद्र पटेल से भेंट कर उन्हें संत श्री सेवालाल महाराज जयंती महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।


