झरिया थाना क्षेत्र के इंदिरा चौक स्थित एक घर में काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान किशोर भुइंया के रूप में हुई है, जो पिछले एक साल से उसी घर में काम कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि किशोर की मौत के बाद मकान मालकिन घर में ताला लगाकर फरार हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव के साथ झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को घंटों जाम रखा। प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और मकान मालकिन की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम हटवाया मौके पर पहुंची झरिया पुलिस ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन ने बताया कि किशोर भुइंया की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वह घर में गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घर की मालकिन ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देकर मामला शांत करने का प्रयास किया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग इधर, ग्रामीणों का कहना है कि मजदूर की मौत लापरवाही के कारण हुई है। लोगों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


