पूर्व नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा को एक अनजान नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी 14 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 26 मिनट पर आई एक वॉट्सऐप वॉइस कॉल के जरिए दी गई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम हैरी बॉक्सर बताया और खुद को कुख्यात लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ बताया। कॉल के दौरान उसने संदीप शर्मा और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी, जिससे वे दहशत में आ गए। धमकी मिलने के बाद संदीप शर्मा ने तुरंत सदर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वॉइस मैसेज भी भेजा रिपोर्ट में बताया गया है कि सिर्फ कॉल ही नहीं, उसके बाद एक वॉइस मैसेज भी भेजा गया, जिसमें पूर्व सभापति को मार डालने की धमकी दी गई थी। वहीं, कॉल में संदीप शर्मा को कहा गया है कि मैं हेरी बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बोल रहा हूं। तेरी और तेरे पूरे खानदान का पूरा चिट्ठा मैंने निकाल लिया है। तू करोड़ों कमा रहा है। तेरी और तेरे पूरे परिवार की रैकी कर रखी है। मैं चाहूं तो तुझे अभी इसी वक्त मार सकता हूं। अपनी एवं अपने परिवार की जान बचाना चाहता है तो 24 घंटे में हमसे संपर्क कर लेना, वरना मरने के लिए तैयार रहना। जिसके पास भी बचने के लिए जाना चाहता है, चला जाना। तुझे कोई नहीं बचा सकेगा। तू अपनी मौत का जिम्मेदार खुद होगा। फिलहाल पुलिस द्वारा जिस नंबर से कॉल आया है, उसकी तकनीकी जांच की जा रही है और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ी है या किसी शरारती तत्व द्वारा डराने के इरादे से की गई है। इसके अलावा भी संदीप शर्मा के घर और होटल के बाहर बैरिकेट्स लगाए गए पहले भी दो जनों को मिली है धमकी बता दे कि जिले में इससे पहले भी रोहित गोदारा गैंग की ओर से कन्हैयालाल खटीक और रावतभाटा के एक ठेकेदार को धमकियां मिल चुकी हैं। इन मामलों को लेकर चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना और रावतभाटा थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे। प्रदेश के कई जिलों में इस तरह रुपए मांगने और धमकाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस प्रकार की धमकियों के बाद हाल ही में हरियाणा में एक हत्या की घटना भी हो चुकी है। पुलिस ने धमकी प्राप्त करने वाले सभी व्यक्तियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई है।


