बारां| मिनी सचिवालय परिसर स्थित जिला परिषद कार्यालय का संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार दोपहर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला परिषद के विभिन्न अनुभागों में राजकीय कार्यों के निस्तारण तथा कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली तथा पंचायतीराज संस्थाओं की विभिन्न योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी हासिल की। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने जिला परिषद के कक्षों में पहुंचकर पीएम आवास योजना ग्रामीण में प्रगति के बारे में जानकारी ली तथा 547 लंबित कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वी जी राम जी योजना में श्रमिकों के भुगतान की स्थिति के बारे में पूछा तथा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। विधायक एवं सांसद निधि तथा डांग योजना में स्वीकृत कार्यों में प्रगति के बारे में भी जानकारी ली गई। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का लेखा-जोखा लिया। उन्होंने जिले में स्वामित्व योजना के तहत बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहना भी की। संभागीय आयुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत व्यक्तिगत व विद्यालय शौचालय के बारे में जानकारी ली तथा सामुदायिक कम्पोस्ट पर जोर दिया। उन्होंने सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों को 31 मार्च से पूर्व पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी व एसीईओ हरीशचंद्र मीणा भी मौजूद रहे।


