बारां में संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को मिनी सचिवालय परिसर स्थित जिला परिषद कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न अनुभागों में सरकारी कार्यों के निपटान और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने पंचायतीराज संस्थाओं की विभिन्न योजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने जिला परिषद के कक्षों का दौरा किया और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने 547 लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने वी जी राम जी योजना में श्रमिकों के भुगतान की स्थिति के बारे में पूछा और योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। अग्रवाल ने विधायक एवं सांसद निधि तथा डांग योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का लेखा-जोखा लिया। संभागीय आयुक्त ने जिले में स्वामित्व योजना के तहत बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहना भी की। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत, उन्होंने व्यक्तिगत और स्कूलों शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया और सामुदायिक कम्पोस्ट को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों को 31 मार्च से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी और एसीईओ हरीशचन्द्र मीणा भी उपस्थित रहे।


