संभागीय आयुक्त ने दिए ‘एएसडी वोटर्स’ सत्यापन के निर्देश:कहा- मतदाता सूची पुनरीक्षण में पात्र मतदाता वंचित न रहें

भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने गुरुवार को डीग जिले का विस्तृत निरीक्षण दौरा किया। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 की प्रगति की समीक्षा की और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम अऊ, कामां और पहाड़ी क्षेत्र में विभिन्न मतदान केंद्रों और सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली का सूक्ष्म अवलोकन किया। संभागीय आयुक्त ने डीग जिले के ग्राम अऊ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल और कामां कस्बे के बूथ संख्या 269, 270 व 271 का निरीक्षण किया। वहां उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटि-रहित होनी चाहिए। कठोतिया ने निर्देशित किया कि प्राप्त दावे और आपत्तियों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गैरमौजूद, स्थानांतरित और मृत (एएसडी) मतदाताओं की सूची का भौतिक सत्यापन पूरी गंभीरता से करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे। फॉर्म भरते समय पूर्ण सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, संभागीय आयुक्त ने पहाड़ी उपखंड मुख्यालय पर उपखंड अधिकारी कार्यालय और तहसीलदार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में पत्रावलियों के संधारण, साफ-सफाई और कार्मिकों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने इलेक्शन सेल का भी अवलोकन किया और वहां चल रहे कार्यों की तकनीकी समीक्षा की। अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़े कार्यों में शून्य त्रुटि की नीति अपनाने के निर्देश दिए गए। शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने ग्राम अऊ के स्कूल परिसर और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर काफी विस्तृत है और यहां बालिकाओं का शैक्षणिक स्तर संतोषजनक है। शिक्षा में सामुदायिक जुड़ाव अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन और स्थानीय भामाशाहों के ‘जन-सहयोग’ से स्कूल में सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाना चाहिए। ये रहे मौजूद इस निरीक्षण दौरे के दौरान उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और निर्वाचन शाखा के अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने संभागीय आयुक्त को विभागीय प्रगति से अवगत कराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *