राजनांदगांव के पंडित किशोरी लाल शुक्ल विधि महाविद्यालय में 25 और 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय ‘विधि उत्सव–2025’ का आयोजन किया गया। इस उत्सव का उद्देश्य छात्रों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। उत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत भारतीय संविधान की प्रस्तावना की सामूहिक शपथ से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प लिया। इस दौरान निबंध लेखन, क्विज, केस एनालिसिस और एक्सटेम्पोर जैसी कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे: क्विज में आदर्श और आशुतोष सिंह विजेता रहे। एक्सटेम्पोर में मनीष यादव विजेता और कुनाल प्रथम उपविजेता बने। केस एनालिसिस में ए.एस. कुमार साहू विजेता और अनिरुद्ध चोपड़ा प्रथम उपविजेता रहे, जबकि निबंध लेखन प्रतियोगिता में नविता मोहबिया विजेता और कुनिका साहू प्रथम उपविजेता रहीं। उत्सव का समापन समारोह गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया, जिसमें राजनांदगांव के एडवोकेट प्रशांत तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को कानूनी शिक्षा, अनुशासन और व्यावसायिक दृष्टिकोण के महत्व पर संबोधित किया और सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान प्रदान किए। अंत में, प्राचार्य डॉ. निमिषा मिश्रा ने आयोजन की सफलता पर पूरी टीम और विद्यार्थियों को बधाई दी। सह-संयोजक सुरभि अग्रवाल ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, संकाय सदस्यों और छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। ‘विधि उत्सव–2025’ उत्साह, अनुशासन और उत्कृष्ट सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की संयोजक प्राचार्य डॉ. निमिषा मिश्रा और सह-संयोजक सहायक प्राध्यापक सुरभि अग्रवाल रहीं। महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक अल्का चौहान, प्रेरणा तिवारी, अतुल सोनी और सोनाक्षी सिरवानी ने आयोजन में विशेष योगदान दिया। केस एनालिसिस प्रतियोगिता में मुख्य विधिक प्रतिरक्षा अधिवक्ता, राजनांदगांव के एडवोकेट योगेश दुर्रेकर निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को विधिक विश्लेषण और प्रस्तुति कौशल पर मार्गदर्शन दिया।


