संविधान बचाने के संकल्प के साथ कांग्रेसियों ने निकाली रैली

भास्कर न्यूज | रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ द्वारा शनिवार शाम संविधान बचाओ जिला स्तरीय रैली का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। इस रैली का नेतृत्व खरसिया विधायक उमेश पटेल, धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया, लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने किया। रैली के दौरान संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ जैसे नारों से रायगढ़ की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने बताया कि इस रैली की योजना अहमदाबाद में आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में बनी थी। छत्तीसगढ़ में यह अभियान 40 दिनों तक चलेगा, जिसके माध्यम से आम जनता को संविधान की रक्षा का संदेश दिया जाएगा। कांग्रेस विधायकों का भाजपा सरकार पर हमला पूर्व कैबिनेट मंत्री उमेश पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों की मौत, मणिपुर की घटनाएं और सुरक्षा चूक जैसे मामलों में प्रधानमंत्री की चुप्पी लोकतंत्र के प्रति उनकी संवेदनहीनता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सत्ता की भूख में वे जनता की आवाज अनसुनी कर रहे हैं। धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं जैसे चुनाव आयोग, सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग हो रहा है। लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार ने कहा कि हमारे संविधान में 140 करोड़ भारतीयों की आत्मा बसती है और इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *