जालोर के बागोड़ा उपखण्ड के दादाल गांव में संसद भवन की तर्ज पर निर्मित मॉडर्न सरकारी स्कूल के लोकार्पण की पूर्व संध्या पर रविवार रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय माहौल में बदल दिया। स्कूल परिसर को रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनियों से सजाया गया, जिससे नवनिर्मित भवन रात के अंधेरे में भी दूर से जगमगाता नजर आया और लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। कालबेलिया लोकनृत्य ने किया मंत्रमुग्ध रात्रिकालीन सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध कालबेलिया कलाकारों ने लोकनृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा, सधे हुए कदम और लोकधुनों की ताल पर कलाकारों के नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत होते ही स्कूल परिसर तालियों और लोकसंगीत की गूंज से भर उठा। कलाकारों ने एक के बाद एक सशक्त प्रस्तुतियां देकर राजस्थानी लोकसंस्कृति की जीवंत झलक पेश की। आसपास के गांवों से उमड़ा जनसैलाब कार्यक्रम में दादाल सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं और बच्चे पहुंचे। लोग देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे और हर प्रस्तुति का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। सांस्कृतिक संध्या ने न केवल ग्रामीणों को पारंपरिक लोककला से जोड़ा, बल्कि स्कूल के लोकार्पण समारोह की भव्यता को भी कई गुना बढ़ा दिया। लोकसंस्कृति से जुड़ाव का संदेश ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोकसंस्कृति को बढ़ावा मिलता है और आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। रात्रिकालीन कार्यक्रम ने दादाल में होने वाले ऐतिहासिक लोकार्पण समारोह की भूमिका को और भी यादगार बना दिया। आज होगा विधिवत लोकार्पण, मंत्री व साधु-संतों का रहेगा सानिध्य दादाल गांव में संसद भवन की तर्ज पर निर्मित मॉडर्न सरकारी उच्च माध्यमिक स्कूल का विधिवत लोकार्पण आज किया जाएगा। करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से बने इस भव्य शैक्षणिक परिसर को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।उद्घाटन समारोह पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज के सानिध्य में आयोजित होगा। समारोह में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा राज्य मंत्री के.के. बिश्नोई, सांसद, अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहेंगे। ——- संबंधित ये खबर भी पढ़ें … अमेरिकी डॉक्टर ने बनवाया संसद भवन जैसा स्कूल:जहां जमीन में बैठकर पढ़े, वहां बनवाई 7 करोड़ की बिल्डिंग, मां के कहने पर आया आइडिया राजस्थान के जालोर में आज संसद भवन की तरह दिखने वाली एक खास स्कूल बिल्डिंग का उद्घाटन होगा। सरकारी स्कूल की ये नई बिल्डिंग अमेरिकी एनआरआई डॉक्टर अशोक जैन ने बनवाई है। (पूरी खबर पढ़ें)


