सगरा गांव में 1 महीने से पेयजल समस्या:ट्यूबवेल बंद होने से महंगे दामों में मंगवा रहे पानी, पशुधन भी प्यासे

जैसलमेर जिले की ग्राम पंचायत झाबरा के सगरा गांव में इन दिनों पानी की भारी किल्लत हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि 1 महीने से जलदाय विभाग का ट्यूबवेल बंद होने से सभी परेशान है। इससे ग्रामीणों को महंगे दामों में पानी खरीदना पड़ रहा है। जिससे ग्रामीणों और पशुधन दोनों को ही भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण हरी सिंह ने बताया कि 1 महीने पहले पानी की पाइप लाइन टूट गई थी। उसके बाद से जलदाय विभाग ने ट्यूबवेल को बंद कर दिया। अब ना तो पानी की पाइप लाइन को सही कर रहे हैं और ना ही ट्यूबवेल को शुरू कर रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण परेशान है। अगर समय रहते पानी की समस्या को दूर नहीं किया गया तो मजबूरन ग्रामीणों को आंदोलन करना पड़ेगा। 1 महीने पहले टूटी पाइप लाइन
हरी सिंह ने बताया कि सागरा गांव से जेठा गांव जाने वाली पेयजल पाइप लाइन एक महीने पहले टूट गई थी। इसके बाद जलदाय विभाग ने ट्यूबवेल को बंद कर दिया। हमने कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को समस्या से रूबरू करवाया। मगर उसके बावजूद भी अभी तक कोई भी हल नहीं निकला है। करीब 1 महीने से पूरा गांव पेयजल किल्लत से जूझ रहा है। करीब 900 रुपए में महंगे दामों में पानी के टैंकर मंगवाना पड़ रहा है। 400 घरों की बस्ती, 500 पशुधन
ग्रामीण भूर सिंह ने बताया कि गांव सगरा में 400 घरों की बस्ती है, वहीं 500 के करीब पशुधन है। करीब 1 महीने से सभी पेयजल की समस्या से ग्रसित है। जलदाय विभाग के अधिकारियों को बार-बार बताने के बावजूद भी समस्या का हल नहीं निकल रहा है। ना तो टूटी हुई पाइप लाइन सही हो रही है और ना ही ट्यूबवेल शुरू हो पा रहा है। ऐसे में सभी ग्रामवासी काफी परेशान है। ग्रामीण हरी सिंह, भूर सिंह, हुकम सिंह, प्रेमप्रकाश, भेरु लाल आदि ने अधिकारियों को चेतावनी देकर जल्द से जल्द पानी की समस्या को दूर करने की अपील की है, अन्यथा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *