सचिवों की हड़ताल जारी, मौके पर पहुंचे विधायक, उनकी मांग को बताया जायज

भास्कर न्यूज| अंबागढ़ चौकी जिला मुख्यालय मोहला के छुरिया मंदिर प्रांगण में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे सचिव संघ से मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी ने मुलाकात की और सचिव संघ की मांग को जायज बताते हुए सरकार को मांग पूरी करने के लिए कहा। इस दौरान उनके साथ जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष मानपुर देवानंद कौशिक, जनपद सदस्य मोहला महेश कुंजाम भी मौजूद थे। विधायक को सचिवों ने बताया कि इस बार शासकीयकरण होने के बाद ही हड़ताल से हटेंगे। प्रदेश सरकार की किसी धमकी से अब नहीं डरेंगे। गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा सरकार ने अपनी चुनावी घोषणा पत्र 2023 में सचिवों से उनका शासकीय करण करने का वादा किया था पर अब तक इसे अमल नहीं किया है। इसकी वजह से आक्रोशित पंचायत सचिव मोहला जिला मुख्यालय में छुरिया मंदिर प्रांगण के समक्ष 18 मार्च से शासकीयकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। मोदी की गारंटी नहीं जुमला है: हड़ताली मंच पर आकर विधायक ने कहा कि आप लोगों के लिए आवाज उठाना मेरा कर्तव्य है। सरकार को सचिवों की मांग माननी चाहिए। मोदी की अगर गारंटी है तो पूरा करना चाहिए वरना मोदी की कोई गारंटी नहीं होती है केवल जुमला होता है। सचिव संघ के द्वारा बताया गया कि पूर्व में विपक्ष में रहते हुए भाजपा के नेताओं ने विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी नाम से घोषणा पत्र में 100 दिवस के भीतर सचिवों के शासकीयकरण का वादा किया था। लेकिन सरकार बनने पर सरकार वादा से मुकर गई है। जिसके कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *