क्राइम रिपोर्टर | बिलासपुर सटोरियों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश तेज हो गई है। बुधवार देर रात पुलिस ने गोंड़पारा से सिंधी कॉलोनी के नामी सटोरिए को पकड़ा। उसके पास से पुलिस को सट्टा-पट्टी और कैश बरामद हुए। सटोरिए के खिलाफ पुलिस ने जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा है। इसके अलावा अब तक पकड़े गए सभी सटोरियों के संपत्ति की जांच भी शुरू कर दी है। दैनिक भास्कर ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया में चल रहे बिग बैश लीग में सक्रिय सटोरियों के नाम प्राथमिकता से प्रकाशित की थी। खबर में बताया था कि पुलिस चाहे तो बीएनएस के तय प्रावधानों के तहत सटोरियों के संपत्ति जब्त सट्टे के कारोबार को जड़ से समाप्त कर सकती है। पुलिस ने गुरुवार को अब तक पकड़े गए विनोबा नगर के सटोरिया आयुष अग्रवाल, सरकंडा के अविनाश वाधवानी और सिंधी कॉलोनी के रविकुमार रमानी के बैंक खातों से हुए लेनदेन, खरीदी गई संपत्ति आदि की जांच शुरू कर दी है। इनके नाम पर दर्ज सभी संपत्ति जांच के बाद जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की धरपकड़ तेज होने के बाद सटोरिए अंडर ग्राउंड हो गए हैं। कुछ शहर में ही बार-बार अपना लोकेशन बदल रहे हैं। तो कुछ शहर के और छत्तीसगढ़ के बाहर भाग चुके हैं। पुलिस लगातार सटोरियों का लोकेशन ट्रैक कर रही है। कुछ सटोरिए तो अभी भी लेन देन कर कार्रवाई से बचने बिचौलियों का सहारा ले रहे हैं।


