सड़कों की दुर्दशा को लेकर युकां का चक्काजाम, प्रदर्शन:गड्ढों में लगाई पीएम, सीएम व गड़करी की फोटो, निगम नेता प्रतिपक्ष बोले-नरक जैसा माहौल

अंबिकापुर में नेशनल हाईवे, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की सड़कों के दुर्दशा के विरोध में युवा कांग्रेस ने पीजी कॉलेज के सामने धरना चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन के साथ ही सड़क पर बने गड्ढो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही भाजपा के चुनाव निशाना कमल फूल के फोटो लगा दिए। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। एक सप्ताह में नहीं सुधरी सड़कें तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। अंबिकापुर में अधिकांश सड़कें चलने लायक नहीं बचीं। इनमें नेशनल हाईवे की रेलवे स्टेशन से गांधी चौक होते हुए देवीगंज रोड, सदर रोड एवं भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सड़क की दुर्दशा हो गई है। अंबिकापुर-रामानुजगंज रोड में बड़े-बड़े गड्ढों के कारण चलना भी मुश्किल हो गया है। इसके अलावे शहर की करीब 70 फीसदी सड़कों की दुर्दशा हो गई है। युकां ने सड़कों की दुर्दशा के विरोध में पीजी कालेज के सामने सांकेतिक चक्काजाम किया और सभा का आयोजन किया। खराब सड़कों से नरक जैसा माहौल
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि शहर के सड़कों के देखरेख हेतु जिम्मेदार विभाग भावना शून्य हो चुके हैं। इन विभागों की उदासीनता ने लोगों के लिए नारकीय माहौल तैयार कर दिया है। जिला प्रशासन से अपील है कि वो इन विभागों में समन्वय स्थापित कर सड़कों की खराब स्थिति से नागरिकों को राहत दिलाएं। शफी अहमद ने कहा कि अगर सड़क मरम्मत के लिए इन विभागों के पास फंड की कमी है तो जिला प्रशासन सांसद निधि, विधायक निधि , महापौर और पार्षद निधि सहित DMF फंड से सड़कों के मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराए। लोगों के साथ छलावा
युवा कांग्रेस अंबिकापुर ब्लॉक अध्यक्ष शुभम जायसवाल ने कहा कि अम्बिकापुर 70 प्रतिशत सड़क जर्जर हो चुकी है। ट्रिपल इंजन की सरकार में विकास की ट्रिपल रफ्तार का नारा देकर निगम से देश की सत्ता तक पर काबिज भाजपा ने आम लोगों के साथ छलावा किया है। विकास के बजाय भाजपा की सरकारें भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। एक सप्ताह में नहीं सुधरी सड़कें तो उग्र आंदोलन
निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि शहर की 70 प्रतिशत से अधिक सड़कें खराब हैं। खराब सड़कों को सुधारने के लिए पहले भी प्रदर्शन किया जा चुका है। 15 अक्टूबर का इंतजार न करते हुए जिम्मेदार विभाग गड्ढों को भरने का काम करें एवं 15 अक्टूबर के बाद डामरीकरण का कार्य कराया जाए। शफी अहमद ने कहा कि एक सप्ताह में सड़कों के गड्ढे नहीं भरे जाते हैं तो कांग्रेस उग्र आंदोलन खड़ा करेगी। सड़कों का सुधार किसी भी मद से हो, होना चाहिए। गड्ढ़ों में भाजपा नेताओं की फोटो
युवक कांग्रेस ने गड्ढों में पीएम, सीएम एवं नितिन गड़करी की फोटो लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। करीब डेढ़ घंटे के प्रदर्शन के दौरान पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अंबिकापुर शहर अध्यक्ष हेमंत सिंहा , ब्लॉक कांग्रेस अंबिकापुर ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा , पापिन्दर सिंह, शैलेंद्र सोनी ,संजय सिंह,अमित तिवारी राजा, कलीम अंसारी, लुकस एक्का ,चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निक्की खान, निखिल विश्वकर्मा, अमित सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *