राजनांदगांव| शहर के चौखड़ियापारा में घर के सामने खड़े युवक को कार से रौंदने का प्रयास हुआ है। मामले का सीसी फुटेज भी सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना में युवक को चोटें आई है। चौखड़ियापारा में रहने वाले चंद्रेश भोजवानी रविवार की रात वह खाना खाकर घर के सामने सड़क किनारे खड़े थे। तभी तेज रफ्तार हुंडई वेन्यू कार पहुंची, जिसके चालक ने कार को लहराते हुए सीधे चंद्रेश को रौंदने का प्रयास किया। चंद्रेश जिस मोपेड पर टिककर खड़ा था, उसे कार ने जोरदार टक्कर मार दी। वहीं चंद्रेश छिटककर कुछ दूर गिर पड़ा, जिससे वह बाल-बाल बच गया। पीड़ित ने अपने शिकायत में बताया है कि उसे जान से मारने की नीयत से ऐसा हमला किया गया है।


