सड़क किनारे खड़े 4 लोगों को कार ने रौंदा:महेश्वर में हार्डवेयर व्यापारी की मौत, बाइक सवार पिता-पुत्री घायल

खरगोन जिले के महेश्वर (धरगांव) में सोमवार सुबह 9 बजे तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों और एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पिता-बच्ची सहित तीन अन्य लोग घायल हैं। घटना सुलगाव फाटे पर यशराज कॉलोनी के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धरगांव निवासी हार्डवेयर व्यापारी मुन्ना कर्मा (55) अपनी बाइक से लाल मिर्ची खरीदने सुलगाव फाटे पहुंचे थे। बड़वाह की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें और वहां खड़े शांतिलाल पाटीदार को टक्कर मार दी। इसी दौरान झापड़ी निवासी शुभम और उनकी 5 साल की बेटी भी मोटरसाइकिल से जाते समय कार की चपेट में आ गए। देखिए हादसे की तीन तस्वीरें नीम के पेड़ से टकराकर रुकी
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार घटना स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर जाकर एक नीम के पेड़ से टकरा कर रुकी। हादसे के बाद ड्राइवर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। डॉक्टर बोलीं- मरीजों की हालत गंभीर
मंडलेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल ऑफिसर डॉ. किरण वर्मा ने बताया कि सुबह तीन मरीजों को अस्पताल लाया गया था। मुन्ना कर्मा की हालत गंभीर थी, उनके शरीर में कई जगह गंभीर फ्रैक्चर और चोटें थीं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। शांतिलाल पाटीदार के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण वे स्वयं धामनोद इलाज के लिए चले गए हैं। मामूली रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने कार जब्त की
हादसे के बाद पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। घटना के समय गाड़ी कौन चला रहा था, यह स्पष्ट करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *