महासमुंद| महासमुंद शहर के वार्ड-16, त्रिमूर्ति कॉलोनी में विभाग ने सड़क सुरक्षा के नियमों को ताक पर रखकर बिजली के पोल को सड़क के भीतर लगभग 4 फीट आगे शिफ्ट कर दिया है। जो स्थानीय रहवासियों और राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार, किसी भी स्थायी अवरोध या खंभे को सड़क की सीमा से सुरक्षित दूरी पर होना अनिवार्य है। इसके बावजूद, बिजली विभाग ने पुराने पोल को हटाकर उसे सड़क के बीच लाकर खड़ा कर दिया है। सड़क के भीतर खंभा होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के टकराने का जोखिम बढ़ गया है। रात के समय दृश्यता कम होने के कारण यह पोल किसी भी वक्त बड़े हादसे का कारण बन सकता है। वार्ड वासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि, बिजली पोल को तत्काल पुरानी और सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया जाए। इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।


