सड़क घेरकर बैठे दुकानदारों में मचा हड़कंप:सब्जी मंडी क्षेत्र से हटाया अतिक्रमण; परिषद ने दी चेतावनी— सीमा लांघी तो सामान होगा जब्त और लगेगा भारी जुर्माना

झुंझुनूं। शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और बाजारों को जाम मुक्त करने के लिए नगर परिषद ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को नगर परिषद की अतिक्रमण निरोधक टीम ने नेहरू मार्केट स्थित मुख्य सब्जी मंडी क्षेत्र में जबरदस्त कार्रवाई की। टीम ने सड़क पर अवैध रूप से रखे सामान और ठेलों को हटाकर रास्ता साफ कराया। नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचलिया के अनुसार, नेहरू मार्केट और सब्जी मंडी क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर कई फीट तक सामान फैलाकर रखने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इससे पहले भी परिषद की टीम ने कई बार मौखिक रूप से दुकानदारों और ठेले वालों को समझाइश दी थी। कुछ दिन व्यवस्था ठीक रहने के बाद स्थिति जस की तस हो गई, जिसके बाद परिषद को बल प्रयोग और जब्ती की कार्रवाई का निर्णय लेना पड़ा। बुधवार सुबह जब नगर परिषद का दस्ता संसाधनों के साथ नेहरू मार्केट पहुंचा, तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने सड़क सीमा में रखे अवैध काउंटर और डिस्प्ले बोर्ड हटवाए। सड़क के बीचों-बीच खड़े अव्यवस्थित ठेलों को वहां से खदेड़ा। दुकानों के बाहर लगे अस्थाई टीन-शेड और तिरपाल को हटाने के निर्देश दिए। नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही थी। कार्रवाई के दौरान मौजूद टीम ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि वे अपनी निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करें। अब शहर के मुख्य बाजारों में नगर परिषद की टीम नियमित गश्त करेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने का प्रावधान भी लागू किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *