सदर इलाके में अजमेर रोड पर मेट्रो पिलर 75 के पास मंगलवार देर रात सड़क दुर्घटना में पावर बाइक पर सवार युवक गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल सुमेल हाउस सिविल लाइंस निवासी 40 वर्षीय बादल प्रकाश मिश्रा को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार बादल प्रकाश मिश्रा पावर बाइक पर सवार थे। हादसा रात करीब ढाई बजे हुआ। पुलिस फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि पता चल सके एक्सीडेंट किसी वाहन की टक्कर से हुआ या बाइक स्लीप होने से हुआ है। मौके पर क्षतिग्रस्त बाइक मिली है। जांच में सामने आया कि बादल रात करीब 2:30 से 3 बजे बाइक पर सवार होकर हसनपुरा की तरफ जा रहे थे। हादसे में उनके सिर व शरीर पर कई जगह चोटें लगी है। बादल इकलौता बेटा थे, घर में केवल उनकी मां है, जो रिटायर्ड नर्स हैं। बादल के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।


