सड़क-नर्सिंग और एसआई भर्ती पर विधानसभा में सवाल:MLA सुशांत शुक्ला ने पूछा-बेलतरा में कितनी PM-CM सड़क बनी, 3 साल में एक भी निर्माण नहीं

विधानसभा के मानसून सत्र के लगातार तीसरे दिन बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने राज्य सरकार से सवालों की झड़ी लगाई। उन्होंने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन सालों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़कों, सड़कों की मरम्मत और बजट के संदर्भ में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से जानकारी मांगी। जिस पर उन्होंने जवाब में बताया कि इन तीन सालों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना अंतर्गत एक भी सड़क नहीं बनाई गई है और 2 सड़कों की संधारण अवधि समाप्त हो गई है। जानिए बेलतरा एमएलए शुक्ला का सवाल विधायक शुक्ला ने पूछा कि, बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में साल 2022-23 से जून 2025 तक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सड़क योजनांतर्गत कौन-कौन सी सड़क का निर्माण किया गया है? किन-किन सड़कों की संधारण अवधि समाप्त हो चुकी है ? उक्त अवधि में संधारण अवधि समाप्त हो चुकी सड़कों के नवीनीकरण के लिए कितनी राशि की आवश्यकता है? अब तक कितनी राशि का बजटीय प्रावधान किया गया? कितनी सड़कों का संधारण और नवीनीकरण किया जा रहा है? सड़क वार, पूर्ण, अपूर्ण अप्रारंभ सड़क कितनी है और सड़कों के संधारण और नवीनीकरण के लिए अब तक कितनी राशि व्यय की गई है। डिप्टी सीएम शर्मा बोले- इन तीन सालों में एक भी निर्माण नहीं जिस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि, 2022 से जून 25 तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत सिर्फ 2 सड़कों का निर्माण किया गया है। इस अवधि में 9 सड़कों का संधारण अवधि समाप्त हो गई है। इसके अलावा इन तीन सालों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क और विकास योजना अंतर्गत एक भी सड़क नहीं बनाई गई है। जबकि 2 सड़कों की संधारण अवधि समाप्त हो गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत की 9 सड़कों में 5 वर्ष संधारण अवधि समाप्त हो चुकी है, जिनकी नवीनीकरण के लिए 942.30 लाख रुपए की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना अंतर्गत 2 सड़कों में नवीनीकरण के लिए 283.52 लाख रुपए की आवश्यकता है। विधायक ने एसआई भर्ती पर किया सवाल विधायक सुशांत ने सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से पूछा कि क्या साल 2019 से जून 2025 तक उपनिरीक्षक पद भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था ? यदि हां तो कितने-कितने पदों हेतु विज्ञापन जारी किया गया था ? विज्ञापन के परिप्रेक्ष्य में कितने-कितने आवेदन प्राप्त हुए? कब-कब शारीरिक दक्षता परीक्षण और लिखित परीक्षा आयोजित की गई ? परिणाम कब जारी किया गया ? कितने वर्षों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर चयनित अभ्यर्थियों को पदस्थापना प्रदान की गई। कितने वर्षों की भर्ती प्रक्रिया किन कारणों से पूर्ण नहीं हुई ? कब तक पूर्ण कर ली जाएगी ? सरकार का जवाब- 341 पदों पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया उनके सवाल पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने जवाब दिया कि साल 2019 से जून 2025 के बीच सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग, प्लाटून कमाण्डर के पद पर भर्ती के लिए 17 सितंबर 2021 को 975 पदों के लिए पुलिस विभाग और 20 अक्टूबर 2024 को 341 पदों पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा विज्ञापन जारी किया गया है। इसके लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा दिनांक 29 जनवरी 2023 को और मुख्य लिखित परीक्षा 26, 27 एवं 29 को व्यवसायिक परीक्षा मंडल ने आयोजित की थी। शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद 4755 अभ्यर्थियों का और हाईकोर्ट के आदेश के पालन में अतिरिक्त 370 पुरुष अभ्यर्थियों को अंतिम चयन सूची के बाद 28 अक्टूबर 2024 को नियुक्ति आदेश जारी की गई। 20 अक्टूबर 2024 को 341 पदों पर भर्ती के लिए 1,37,323 ऑनलाइन आवेदन पत्र प्राप्त हुए। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि साल 2021 की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की जाकर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तियां प्रदान की गई है, जो वर्तमान में प्रशिक्षणरत है। साल 2024 में विज्ञापित 341 पदों की भर्ती प्रक्रिया प्रक्रियाधीन है। भर्ती नियमों के अनुरूप चरणबद्ध भर्ती प्रक्रिया आयोजित कर जल्द पूरी की जाएगी। नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता पर शासन से मांगा जवाब विधायक सुशांत शुक्ला ने पूछा कि प्रदेश में वर्तमान में कितने शासकीय और निजी महाविद्यालयों में बीएससी (नर्सिंग) पाठ्यक्रम संचालित है। उनमें कितनी-कितनी सीटें हैं? किन-किन महाविद्यालयों को छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल (SNRC) से मान्यता प्राप्त है? क्या SNRC से मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों को भारतीय नर्सिंग परिषद(INC) से “उपयुक्तता” प्राप्त करना अनिवार्य है? यदि हां तो संचालित SNRC से मान्यता प्राप्त कितने महाविद्यालयों द्वारा INC से “उपयुक्तता” प्राप्त किया गया है? INC से “उपयुक्तता प्राप्त नहीं करने वाले महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की डिग्री की अखिल भारतीय स्तर पर (अन्य राज्यों में) मान्यता है? यदि नहीं तो ऐसे महाविद्यालयों पर क्या-क्या कार्यवाही की गई ? स्वास्थ्य मंत्री बोले- नर्सिंग कॉलेजों को दी जा रही मान्यता की जानकारी इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि, प्रदेश में वर्तमान में 8 शासकीय और 122 निजी नर्सिंग महाविद्यालय में बी.एस.सी. (नर्सिंग) पाठयक्रम संचालित है। इनकी सीटों और महाविद्यालयों को छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल से मान्यता की जानकारी लिखित में दी जा रही है। SNRC मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों को भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) से “उपयुक्तता” (Suitability) प्राप्त करना अनिवार्य नहीं है, माननीय उच्च न्यायालय कर्नाटक की रिट पिटीशन क्रमांक 28043/2024 में पारित आदेश की जानकारी भी उपलब्ध करा दी जा रही है। छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल से मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों में 130 संस्थाओं में 7591 बीएससी नर्सिंग सीट उपलब्ध है। इनमें से 99 संस्थाओं में 5345 बीएससी नर्सिंग की सीटों को भारतीय नर्सिंग परिषद से उपयुक्तता प्राप्त जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *