भास्कर न्यूज | राजपुर एनएच 343 की खराब स्थिति और उड़ती धूल से परेशान लोगों ने सोमवार को राजपुर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर 11 दिसंबर को चक्काजाम की चेतावनी दी थी। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए मंगलवार देर शाम एसडीएम कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम देवेंद्र प्रधान, थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह, तहसीलदार कावेरी मुखर्जी, ठेकेदार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। करीब एक घंटे चली बैठक में सड़क निर्माण की धीमी गति, उड़ती धूल की समस्या और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। एसडीएम ने आमजन की समस्या को गंभीर बताते हुए ठेकेदार को जल्द समाधान के निर्देश दिए। ठेकेदार ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक प्लांट चरगढ़ में स्थापित किया जा रहा है, जो अगले दो से तीन दिनों में पूर्ण रूप से चालू हो जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर कर्मचारी और मशीनों की संख्या बढ़ाकर काम को गति दी जाएगी। नाली निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, हालांकि इसकी रफ्तार संतोषजनक नहीं है। प्लांट के शुरू होते ही नाली निर्माण सहित पूरा कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ेगा। धूल की समस्या से तत्काल राहत देने के लिए ठेकेदार ने दिन में तीन बार पानी छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। सुबह 11 बजे, दोपहर 2 बजे और शाम 5 बजे शहर में टैंकर के माध्यम से पानी छिड़का जाएगा। खराब हिस्सों में पहले पैच रिपेयरिंग कराएंगे शहर के सबसे खराब हिस्सों में पैच रिपेयरिंग भी की जाएगी, जो 16 दिसंबर के बाद शुरू होने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन ने ठेकेदार की मांग पर 16 दिसंबर तक का समय देने का आग्रह नागरिकों से किया है, जिससे 11 दिसंबर को घोषित चक्का जाम को स्थगित करने का अनुरोध किया गया है। बैठक के बाद लोगों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य पटरी पर आएगा और धूल की समस्या से राहत मिलेगी।


