सड़क पर स्टंटबाजी करने-बर्थडे मनाने पर 66 आरोपी गए जेल:रायपुर पुलिस ने वीडियो सार्वजनिक होने के बाद लिया एक्शन, 30 वाहन चालकों का लाइसेंस हुआ सस्पेंड

राजधानी की सड़कों में बर्थडे सेलिब्रेशन करने और नियम विरूद्ध गाड़ी चलाकर सोशल मीडिया में माहौल खराब करने वाले 65 आरोपियों को रायपुर पुलिस ने जेल भेजा है। रायपुर ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने इस कार्रवाई का आंकड़ा सार्वजनिक किया है। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों का कहना है, कि सोशल मीडिया में माहौल खराब करने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले आरोपियों पर ये कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पहले पढ़े ये तीन केस जिसमें रायपुर पुलिस ने कार्रवाई की मेयर के बेटे ने बीच सड़क पर काटा केक रायपुर की मेयर मीनल चौबे के बेटे मेहुल चौबे ने 27 फरवरी की देर रात सड़क में केक काटकर कानून तोड़ा। मेहुल चौबे ने चंगोरा भाटा इलाके में सड़क पर दोस्तों के साथ केक काटा। आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाया। जबकि सड़क पर ऐसा करना बैन है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। वीडियो वायरल होने पर महापौर मीनल चौबे ने माफी भी मांगी थी। मामले में मेहुल चौबे, अविनाश चंदेल, मनोज गौतम, छगन देवांगन और रोशन कुमार देवांगन समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रायपुर में बीच सड़क कांग्रेस नेता ने काटा केक फवरी 2025 में रायपुर में यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष के जन्मदिन पर बीच सड़क जमकर बवाल हुआ। नेता विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के समर्थकों ने रविवार रात करीब 20 मिनट तक आतिशबाजी की और फिर हंगामे के बीच केक भी काटा। इस बीच लोग परेशान होते रहे। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो एसएसपी के निर्देश पर जिला अध्यक्ष समेत 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। रायपुर में NH पर रईसजादों की स्टंटबाजी सितंबर 2025 में रईसजादों का काफिला रायपुर के केनाल रोड से नेशनल हाईवे होते हुए आरंग की ओर जा रहा था। युवकों ने सड़क पर कर रहे हुड़दंगी का वीडियो बनाया। उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड भी किया। रील्स अपलोड होते ही वायरल हो गई। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करके 6 गाड़ियां जब्त की थी और 15 लोगों को गिरफ्तार किया था। अब पढ़े इस कार्रवाई की जरूरत क्यों छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना की स्थिति 2025 में और गंभीर होती जा रही है। प्रदेश के 19 जिलों में तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। राज्य पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी से 31 अगस्त 2025 के बीच कुल 6,500 सड़क हादसों में 2,960 लोगों की मौत और 5,650 लोग घायल हुए हैं। पिछले साल की तुलना में इस अवधि में 505 हादसों में 313 अधिक मौतें हुई हैं, जबकि घायल होने वालों की संख्या में 782 का इजाफा देखा गया है। एसएसपी बोले कार्रवाई जारी रहेगी रायपुर पुलिस अधिकारियों द्वारा जारी आंकड़ों को लेकर दैनिक भास्कर ने एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह से चर्चा की। एसएसपी ने बताया, कि नियम तोड़ने वाले और सोशल मीडिया में माहौल खराब करने वाले आरोपियों पर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नए साल के सेलीब्रेशन के मद्देनजर चेकिंग प्वांइट लगाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *