भास्कर न्यूज | जशपुरनगर सीएम साय ने मंगलवार को अपने जशपुर जिले के प्रवास के दौरान विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने पत्थलगांव और कांसाबेल विकासखंडों में 42 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़क और पुल जैसे बुनियादी ढांचे के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज विकास समिति के वार्षिकोत्सव में शामिल होने जशपुर पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने कुल 18 विकास कार्यों का अनावरण किया। इनमें से 9 कार्य पूर्ण होकर जनता को समर्पित किए गए, जबकि 9 नए कार्यों की आधारशिला रखी गई। पूर्ण हुए कार्यों की कुल लागत 13.56 करोड़ रुपए है। इनमें कांसाबेल विकासखंड के कोरंगा बस्ती से ग्यारटोली मार्ग का निर्माण, जिसकी लागत 2.63 करोड़ रुपए है, मुसकुटी से मुख्य मार्ग तक 4.28 करोड़ रुपए की सड़क और पत्थलगांव में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय भवन का निर्माण शामिल है, जिसकी लागत लगभग 54 लाख रुपये बताई गई। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने 9 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें आमाटोली में 100 सीटर बालक छात्रावास का निर्माण प्रमुख है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि फरसाबहार में मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा, जिससे महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगारोन्मुखी शिक्षा देने के उद्देश्य से नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना की घोषणा भी की गई। इसके साथ ही 14 गांवों को लाभ पहुंचाने वाली बगिया सिंचाई योजना की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश भर में सिंचाई परियोजनाओं के जीर्णोद्धार के लिए 2800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी कार्यक्रमों में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, पूर्व सांसद नंद कुमार साय, पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट, कलेक्टर रोहित व्यास सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने ग्राम दोकड़ा में आयोजित वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यक्रम में भी शिरकत की। यहां उन्होंने 1.75 करोड़ रुपये की लागत से 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। दोकड़ा में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम का नया चिकित्सालय भवन बनाया जाएगा, जिस पर 95 लाख रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1986 में एक छोटे प्रकल्प के रूप में शुरू हुआ यह संस्थान आज जनजातीय समाज को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहा है। इसके अलावा गांव में दो आरसीसी पुलियों का निर्माण किया जाएगा।


