भास्कर न्यूज | बालोद सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं घायलों की सहायता के उद्देश्य से पुलिस ने रक्तदान शिविर जिला चिकित्सालय में लगाया। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने स्वयं रक्तदान कर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना के गोल्डन ऑवर में घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर उनकी हरसंभव मदद करें। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों एवं आम नागरिकों ने रक्तदान शिविर में हिस्सा लिया। इस अवसर पर बालोद पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन हेतु भी जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि वे सदैव हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करें, संयमित गति से वाहन चलाएं, रात में वाहन चलाते समय अपर डिपर का उपयोग करें, मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।


