डूंगरपुर के रामसागडा थाना क्षेत्र के जालुकुआ गांव में सोमवार रात एक अज्ञात वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो ड्राइवर सुरेश डामोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जालुकुआ निवासी सुरेश डामोर सोमवार रात सवारियों को जालुकुआ छोड़कर अपने घर लौट रहा था। जालुकुआ स्कूल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसके ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया और सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सुरेश को तुरंत एक निजी वाहन से गामडी अहाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे 108 एम्बुलेंस से डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सुरेश डामोर को मृत घोषित कर दिया। युवक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। मंगलवार सुबह परिजन और पुलिस मॉर्च्युरी पहुंचे, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रामसागडा थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


