पन्ना में एक सड़क हादसे में कोतवाली में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक की मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की है। दरअसल, पन्ना-अमानगंज सड़क मार्ग पर मजपहरा घाटी में हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में सड़क पर पड़े रहे ग्रामीण टक्कर के बाद पुलिसकर्मी गंभीर हालत में सड़क पर काफी देर तक पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरक्षक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पन्ना कोतवाली में पुलिस आरक्षक के पद पर कार्यरत थे मृतक की पहचान 45 साल अजय भास्कर के रूप में हुई है, जो पन्ना के साइंस कॉलेज के पीछे के निवासी थे। अजय भास्कर पन्ना कोतवाली में पुलिस आरक्षक के पद पर कार्यरत थे। मृतक के जीजा देव करण वर्मा ने बताया कि अजय भास्कर रोज की तरह बाइक से पन्ना-अमानगंज घाटी की ओर घूमने निकले थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।


