गिरिडीह जिले के बेंगाबाद–चतरो रोड पर शनिवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बामीटांड़ के सोनहगढहवा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में टेम्पो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नवडीहा ओपी क्षेत्र के सियाटांड़ गांव निवासी 35 वर्षीय मंटू कुमार वर्मा, पिता किशुन महतो के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि मृतक के घर में मातम पसर गया है। बताया जा रहा है कि मंटू कुमार वर्मा शनिवार की शाम गिरिडीह से टेम्पो लेकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सोनहगढहवा के पास पीछे या सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनके टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। टेम्पो के नीचे दबने से गई जान, गांव में शोक टक्कर इतनी तेज थी कि टेम्पो सड़क पर पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया। हादसे में मंटू कुमार वर्मा के माथे में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना पर सियाटांड़ पंचायत के मुखिया महेंद्र कुमार वर्मा, सचिन वर्मा, दीनदयाल वर्मा, राजेंद्र वर्मा, नवडीहा मंडल अध्यक्ष सुधीर वर्मा सहित कई स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। सभी ने घटना पर गहरा दुख जताया और प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस जांच में जुटी मंटू कुमार वर्मा पेशे से टेम्पो चालक थे और इसी के सहारे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे तीन नाबालिग बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें दो पुत्र 15 और 10 वर्ष के हैं, जबकि एक 12 वर्षीय पुत्री है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।


