भास्कर न्यूज |केरेडारी गुरुवार शाम लगभग 6 बजे चतरा थाना क्षेत्र के हफुआ गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना के विरोध में केरेडारी में भी एनटीपीसी के केडी व सीबी माइंस के ट्रांसपोर्टिंग को बंद करा दिया गया है। जोरदाग मुंडा टोली के पास जाम लगाया गया है। जाम के कारण केडी व सीबी माइंस की कोल ट्रांसपोर्टिंग पिछले 20 घंटे से ठप है। हफुआ के पास एक खाली हाईवा व ऑल्टो कार में भीषण टक्कर हो गई थी जिसमें कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर कार के परखच्चे उड़ गए हैं। इस दुर्घटना का संबंध केरेडारी से है। कार पर सवार रामगढ़ के सायल निवासी मुकेश राम की 18 वर्षीय पुत्री रिया कुमारी की मौत हो गई है तथा कार में सवार अन्य एक हीं परिवार के केरेडारी के जोरदाग निवासी सुजीत राम, इनकी पत्नी गेंदरी देवी, बेटी आराध्या व बेटा महाबीर दास गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। रिया सुजीत राम के साढू की बेटी थी। बताया जा रहा है कि हाईवा सिमरिया निवासी कामख्या सिंह का है और टंडवा पावर प्लांट से राख ढुलाई में लगा हुआ है। बिहार से राख पहुंचा कर लौट रहा था। वहीं सुजीत राम ऑल्टो कार से सभी परिवार बेटी काजल के विवाहोपरांत रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने के लिए इटखोरी जा रहा था। हफुआ के पास तेज गति से आ रहा हाईवा सीधा ऑल्टो को ठोक दिया। इस दुर्घटना के बाद परिजन व ग्रामीण मुआवजा को लेकर हफुआ के पास सिमरिया-चतरा रोड़ जाम किए हैं। वहीं केरेडारी में भी एनटीपीसी के केडी व सीबी माइंस के ट्रांसपोर्टिंग भी रात्रि में आठ बजे से जोरदाग मुंडा टोली के पास जाम लगा दिया है। जिससे कोल ट्रांसपोर्टिंग विगत 20 घण्टे से ठप है।


