इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में बुधवार रात एक हादसे में 10 साल के बेटे के सामने उसके पिता की मौत हो गई। बताया जाता है कि रात करीब 8 बजे पिता अपने बेटे को घुमाने निकले थे। बायपास पर सड़क किनारे बाइक खड़ी कर उन्होंने बेटे को उस पर बैठाया और सामान लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लसूडिया पुलिस के मुताबिक, राजेश (32) पुत्र रूपसिंह झोपटे निवासी ओमेक्स सिटी को शेरेटान होटल के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे करीब 20 फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के समय राजेश का 10 साल का बेटा आकाश सड़क के दूसरी ओर अपनी पिता की बाइक पर बैठा सब कुछ देख रहा था। राजेश उसे बाइक पर बैठाकर सामान लेने सड़क पार कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। ऑटाे ड्राइवर ने की मदद घटना के तुरंत बाद एक ऑटो ड्राइवर रुका और मदद की। थोड़ी देर में पुलिस की एफआरवी वैन भी पहुंची और राजेश को एमवाय अस्पताल ले जाया गया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि हादसा देखने के बाद आकाश की तबीयत खराब हो गई और वह किसी से बात नहीं कर पा रहा है। राजेश मिस्त्री का काम करते थे। उनके तीन बच्चे और तीन भाई हैं। दो भाई बेडिया, ग्राम खरगोन में रहते हैं। राजेश भी मूल रूप से वहीं के रहने वाले थे और कई साल पहले काम के सिलसिले में इंदौर आए थे। पुलिस आसपास के लोगों से कार और चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर इधर, बाणगंगा क्षेत्र में भी देर रात एक हादसा हुआ। धीरज (29) पुत्र जितेंद्र निवासी ग्राम बरदरी को बाइक से जाते समय एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। धीरज मजदूरी करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।


