शहडोल-रीवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। बाइक में 3 लोग सवार थे। तभी सामने से आ रही किसी महिला मजिस्ट्रेट की कार उन्हें टक्कर मारकर मौके से भाग गई। हादसा ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत उफरी गांव में गुरुवार देर रात का है। सगे भाइयों की मौके पर मौत के बाद इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह बाइक चालक की भी मौत हो गई। ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। तीनों शवों का आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हालांकि वाहन किसी महिला मजिस्ट्रेट का है या नहीं अभी इसकी पुष्टि ब्यौहारी पुलिस ने नहीं की है। समय पर नहीं पहुंची एम्बुलेंस प्रत्यक्षदर्शी सुरेश सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना तत्काल 108 एम्बुलेंस को दी गई थी। लेकिन समय पर नहीं पहुंचने के कारण दोनों व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी लगने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। बाजार से घर लौट रहे थे दोनों भाई ब्यौहारी पुलिस ने बताया कि दोनों भाई रामकरण (55) और ईश्वरदीन (62) बाइक चालक संतोष सिंह सभी निवासी बड़ी गिरुई बाइक में सवार होकर घर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं दूसरे को अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। संतोष सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती किया गया था, जिसने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। ब्यौहारी थाना प्रभारी अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि सड़क हादसे में मृत रामकरण और ईश्वरदीन पिता दुलारे सगे भाई थे, जो बाइक चालक संतोष सिंह के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि उसमें कोई महिला मजिस्ट्रेट सवार थीं, पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह से तीनों शवों के पीएम की कार्रवाई की जा रही है। पीएम होने के बाद परिजनों को शव सौंप दिए जाएंगे।


